भोपाल : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समय मध्य प्रदेश के दौरे पर है। आज शाह ने भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के 20 साल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। इस रिपोर्ट कार्ड का नाम गरीब कल्याण महाअभियान है इस कार्यक्रम में अमित शाह के अलावा राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए। प्रदेशवासियों के सामने एमपी की रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए अमित शाह ने कहा, हमने एक बीमारू राज्य को 20 सालों में विकसित राज्य में तब्दील करने का पूरा प्रयास किया। 53 सालों तक काग्रेंस की सत्ता होने के दौरान एमपी को बीमारू राज्य का टैग मिल गया था।

आत्म निर्भर मध्य प्रदेश की रखी नींव
गरीब कल्याण महाअभियान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, 'भाजपा सरकार ने एक बीमारू राज्य को 20 में विकसित राज्य बनाने का पूरा प्रयास किया। आत्मनिर्भर राज्य की नींव इतने सालों में रखी गई। 

मध्य प्रदेश का गठन 1956 में हुआ, तब से 2003 तक कांग्रेस की सरकार राज्य में रही। इन 53 सालों में कांग्रेस के नेतृत्व में इसे एक बीमारू राज्य का टैग मिल गया था। शाह ने अमृतकाल महोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य आने वाले समय में बेमिसाल साबित होगा। हर क्षेत्र में एमपी आगे बढ़ रहा है।'

सीएम शिवराज ने कहा कि सिंचाई के क्षेत्र में मध्य प्रदेश में चमत्कार हुआ है। दोगुनी गति से एमपी प्रगति कर रहा है। पीएम ने सहयोग में कोई कसर नहीं छोड़ी। महिला सशक्तिकरण में अभूतपूर्व काम हुआ । कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य का तमग़ा दिया था। यह शब्द राजीव गांधी ने दिया था।