रतलाम   एक युवक ने पत्नी को बीच सड़क पर जमकर पीटा। उसे लगातार कई थप्पड़ मारे और पेट में लात मारकर गिरा दिया, इसके बाद भी दिल नहीं भरा तो फिर गर्दन पकड़कर धक्का दे दिया। पीड़िता ने बताया कि उसका पति दूसरी शादी की तैयारी में है। इसी बात को लेकर वो शुक्रवार रात उससे बात करने ससुराल पहुंची थी। जिससे नाराज पति ने बड़ी बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी सामने आया है।

रतलाम के कस्तूरबा नगर में रहने वाली पिंकी ने 3 साल पहले जवाहर नगर में रहने वाले दीपक टांक से लव मैरिज की थी। दीपक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। पिंकी भी उसकी कंपनी में काम करती थी। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और दोनों ने परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी कर ली। शादी के बाद दीपक अपना घर छोड़कर जवाहर नगर में ही किराए से रहने लगा। कुछ ही महीनों बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगे। जिसके बाद करीब 3 महीने पहले दीपक अपने घर वापस चला गया।

पति ने कर ली दूसरी सगाई

पिंकी का आरोप है कि दीपक की मां यानि उसकी सास उसे पसंद नहीं करती है। वह दोनों को अलग करना चाहती है। कुछ दिनों पहले दीपक ने दूसरी लड़की से सगाई कर ली। इसकी जानकारी जब पिंकी को लगी, तो वह आगबबूला होकर ससुराल पहुंच गई और वहां जमकर हंगामा कर दिया।

इसी बीच, बाइक से दीपक भी पहुंचा। उसने सड़क पर ही पिंकी के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे जमकर थप्पड़ और पेट पर लातें मारी। साथ ही धक्का देकर गिराया भी। जिससे उसके सिर और पेट में चोटें आई हैं। पिंकी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने दीपक और ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।