भोपाल  । प्रदेश भर में सर्दी का सितम  जारी है। प्रदेश में दिन और का तापमान लगातार लुढ़क रहा है। राजधानी सहित प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर  जारी है। बीते चौबीस घंटों के दौरान भोपाल में न्‍यूनतम तापमान 05 डिग्री सेल्‍सियस दर्ज किया गया, जो सामान्‍य से 6.5 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा। साथ ही पिछले दिन के न्‍यूनतम तापमान के मुकाबले 0.3 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्‍सियस दर्ज किया गया, जो सामान्‍य से 6.6 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में कोई वेदर सिस्‍टम सक्रिय नहीं है। उत्‍तर से आ रही सर्द हवाओं ने राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकतर हिस्‍से में सिहरन बढ़ा दी है। दिन के साथ-साथ रात में भी पारा लगातार लुढ़क रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश के सागर एवं खंडवा में तीव्र शीतलहर का प्रकोप रहा। वहीं भोपाल, जबलपुर, छिंदवाड़ा, मलाजखंड, नौगांव, होशंगाबाद, बैतूल, रायसेन, धार, खरगोन एवं रतलाम में भी शीतलहर चली। गुरुवार को इंदौर, रायसेन, धार, भोपाल, उज्जैन, मंडला, टीकमगढ़, दमोह, सतना, सीधी, मलाजखंड एवं बैतूल में तीव्र शीतल दिन रहा। जबलपुर, खजुराहो, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, छिंदवाड़ा, उमरिया, रतलाम एवं शाजापुर में शीतल दिन रहा। गुरुवार को शहर में लगातार चौथे दिन शीतल दिन रहा। शहर में लगातार तीसरे दिन शीत लहर का प्रभाव रहा। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में आज भी शीतल दिन रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि फिलहाल कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। इसके साथ-साथ हवाओं का रुख भी लगातार उत्तरी बना हुआ है। सर्द हवाओं के कारण रात के अलावा दिन के तापमान में भी गिरावट हो रही है। शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं। हालांकि बादलों के छंटने से अब दिन में धूप अच्‍छी खिल रही है। शुक्रवार से दिन के तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। शनिवार को एक पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय क्षेत्र में प्रवेश करने की संभावना है। उसके प्रभाव से हवाओं के रुख में बदलाव आने से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। उधर बैतूल जिले में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 4.2 डिग्री पर पहुंच गया। सर्द हवाओं के असर से बैतूल बाजार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह खेतों में फसलों पर ओस की बूंदें बर्फ में जम गईं। सुबह आठ बजे तक फसल पर ओस जमी नजर आई। बैतूल बाजार के किसान धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि रात को कड़ाके की ठंड से खेतों में बर्फ जमी नजर आई। इस ठंड से से गेंहू की फसल को को बहुत फायदा पहुंचा है, लेकिन चना और मटर की फसल को नुकसान होने की संभावना है| किसान सुनील वर्मा ने बताया कि आज सुबह सब्जियों की फसल पर बर्फ जमी पाई गई फूल गोभी और आलू की ठोस बर्फ जमी हुई थी।