चीन में कोरोना संक्रमण की भयावह स्थिति है। झेजियांग प्रांत में एक दिन में 10 लाख से ज्यादा केस मिले हैं। झेजियांग प्रांत चीन का प्रमुख उत्पादन केंद्र 'मैन्यूफैक्चरिंग हब' है। यह शंघाई के पास स्थित है। इसकी आबादी लगभग 6.5 करोड़ है। इसका मुख्य शहर हांगझोऊ चीन की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा ग्रुप के अलावा कई अन्य प्रौद्योगिकी कंपनियों का मुख्य केंद्र है। यहां एपल के अलावा जापानी वाहन निर्माता कंपनी निडेक और कई अन्य विदेशी निर्माता कंपनियों की भी इकाइयां हैं। कोरोना के कहर के कारण इन इकाइयों के कामकाज पर असर पड़ सकता है और वैश्विक उत्पादन और आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है।

निक्केई एशिया की रिपोर्ट में झेजियांग में कोरोना के गंभीर हालात की जानकारी दी गई है। ब्रिटेन के शोध समूह एयरफिनिटी द्वारा बुधवार को जारी रिपोर्ट के हवाले से निक्केई एशिया ने कहा कि चीन में दैनिक मामले काफी अधिक हैं। झेजियांग में कोरोना के कहर से इसकी पुष्टि होती है।

हालांकि, चीन की केंद्रीय सरकार ने अधिकृत आंकड़े देना बंद कर दिया है, लेकिन प्रांतीय सरकारें आंकड़े जारी कर रही हैं। इससे पता चलता है कि देश में हालात किस कदर बिगड़ गए हैं। निक्केई एशिया के अनुसार नए साल के पहले दिन दैनिक संक्रमण चरम पर पहुंच सकता है। यह आंकड़ा 20 लाख केस तक जा सकता है।