भिलाई-चरौदा शहर के नए मेयर कांग्रेस के निर्मल कोसरे चुने गए हैं। वहीं कृष्णा चंद्राकर सभापति चुने गए हैं। दोनों को 24 और BJP उम्मीदवार को महज 16 वोट ही मिले हैं। 5 निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस के समर्थन में मतदान किया है। जबकि एक निर्दलीय का वोट भाजपा के खाते में गया है। फिलहाल सभापति और अपील समिति के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। इससे पहले सभी 40 नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ ग्रहण कराया गया।

नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को 19 वोट मिले थे। जबकि भाजपा के खाते में 15 सीटें गई थीं। इसके साथ ही 6 निर्दलीयों ने भी जीत दर्ज की थी। बहुमत नहीं होने के बावजूद BJP ने नंदिनी जांगड़े को महापौर प्रत्याशी बना दिया। वहीं चंद्र प्रकाश पांडे को सभापति के लिए प्रत्याशी बनाया है। दुर्ग जिले के भिलाई नगर चरोदा नगर निगम के लिए पार्षदों का शपथ ग्रहण हो चुका है। कांग्रेस और बीजेपी सहित छह निर्दलीय पार्षदों को जिला कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभी पार्षदों ने 5-5 की संख्या में शपथ ली है।

शपथ ग्रहण करने से पहले भिलाई-तीन चरौदा नगर निगम से जीते सभी कांग्रेसी पार्षदों को रविवार शाम रायपुर बुलाया गया। एक निजी होटल में सभी को ठहराया गया, जहां देर रात कांग्रेस के आला नेताओं के साथ बैठक भी हुई। बैठक में कांग्रेस के मेयर और सभापति का नाम तय होने के बाद सभी पार्षद सोमवार सुबह भिलाई पहुंचे हैं। सभापति के लिए कांग्रेस से कृष्णा चन्द्राकर, संतोष तिवारी और एस वेंकट रमना का नाम सामने आ रहा है। अभी तक कांग्रेस ने महापौर और सभापति पद के प्रत्याशी को लेकर अपना कोई भी अधिकारिक बयान नहीं दिया है।

पहली बार कांग्रेस का होगा कब्जा
भिलाई चरौदा निगम के इतिहास में पहली बार कांग्रेस सत्ता में आने के लिए बहुमत बनाती दिख रही है। 40 में से 19 पार्षद कांग्रेस के जीते हैं और 4 निर्दलीय पार्षदों का भी समर्थन उसे मिल गया है। ऐसे में कांग्रेस महापौर के लिए बहुमत में है। यदि सही वोटिंग हुई कांग्रेस यहां अपना महापौर और सभापति दोनों बना लेगी। यह भी कहा जा रहा है कि यदि क्रॉस वोटिंग हो गई तो कांग्रेस का यह सपना चूर-चूर भी हो सकता है।

भाजपा नहीं कर रही है वॉक ओवर
भिलाई-चरौदा में भले ही कांग्रेस को बहुमत हो, लेकिन भाजपा अभी महापौर और सभापति बनाने का दावा कर रही है। भाजपा की ओर से महापौर और सभापति पद के लिए कांग्रेस को वॉक ओवर नहीं दिया जा रहा है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और विधायक शिवरतन शर्मा के द्वारा सभी भाजपा पार्षदों को मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल पर भेजा गया। वहां से सभी पार्षद वापस लौट आए हैं।