मध्य प्रदेश के सतना में बरातियों को लेकर जा रही बस 11 हजार केवी की लाइन की चपेट में आ गई। बस में आग लग गई। घटना में महिलाओं-बच्चों समेत दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को मैहर सिविल अस्पताल भेजा गया है। घटना सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के रामपुर पाठा गांव की है। मैहर के एक आदिवासी परिवार में बेटी की शादी थी, बस से आई बरात सलेहा लौट रही थी। परसमानिया रोड के रामपुर पाठा ग्राम के पास अचानक बस की छत पर रखा सामान 11,000 केवी की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। इससे बस में आग लग गई। आग लगते ही हड़कंप मच गया। जिसे जहां से जगह मिली, कूदने लगा। कैसे भी बस से बाहर आना चाह रहे थे। फिर भी दो दर्जन से ज्यादा लोग आग में झुलस गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना उचेहरा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल बस यात्रियों को आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए मैहर सिविल अस्पताल भेजा, जहां सभी यात्रियों का उपचार जारी है।