नई दिल्ली| आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने दावा किया है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी 117 सीटों में से 100 सीटों पर जीत दर्ज करेगी और बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। आईएएनएस से बातचीत में आप सांसद ने कहा की पार्टी उत्तराखंड और गोवा में जीत के करीब है और पंजाब में पार्टी विधानसभा चुनाव के बाद सरकार बनाएगी।

पेश है सुशील गुप्ता से बातचीत के कुछ अंश-

सवाल- पंजाब विधानसभा चुनाव के प्रचार में आम आदमी पार्टी जोर-शोर से जुटी है। क्या पंजाब में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे किसानों के संयुक्त समाज मोर्चा से आप गठबंधन करने जा रही है? गठबंधन के बाद क्या पार्टी किसी उम्मीदवार में फेरबदल करेगी?

जवाब- अब तक आम आदमी पार्टी पंजाब में अकेले से चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने 90 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। चंडीगढ़ में जिस तरीके का समर्थन पार्टी को देखने को मिला, उससे साफ है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी न केवल सरकार बनाने जा रही है बल्कि तीन चौथाई बहुमत से पार्टी की जीत होगी। आम आदमी पार्टी 117 में से 100 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। पार्टी ने मुझे पंजाब के पटियाला में विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी दी है। जमीन पर आम आदमी पार्टी बढ़त बनाए हुए है। जहां तक रही गठबंधन की बात, यदि गठबंधन होता है तो अच्छे उम्मीदवारों को ही पार्टी गठबंधन में चुनाव लड़ने का मौका देगी।

सवाल- कुछ ही महीनों में दिल्ली में नगर निगम चुनाव (एमसीडी) के चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में आप दिल्ली के एमसीडी को कैसे देखते हैं? क्या मुद्दे रहेंगे?

जवाब- दिल्ली में नगर निगम चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा है भ्रष्टाचार का। इसके अलावा सफाई का, नालियों का, कचरे का निपटान का, इन तमाम मुद्दों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी। पिछली बार आम आदमी पार्टी ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन निगम में सत्ता में नहीं आ पाई थी। इस बार पूरी उम्मीद है कि जिस तरीके से दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने काम किया है, उसके बेहतर परिणाम होंगे।

सवाल- क्या आप मानते कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी जीत के करीब रहेगी?

जवाब- बिल्कुल जीत के करीब रहेगी और दिल्ली के नगर निगम चुनाव में पार्टी जीत भी हासिल करेगी। दिल्ली में आज एमसीडी में भ्रष्टाचार पूरी तरीके से फैला हुआ है। कोई भी व्यक्ति बिना भ्रष्टाचार के अपने ही घर का निर्माण नहीं कर सकता है, छत नहीं बना सकता, लिंटर नहीं डाल सकता है। पूरी दिल्ली में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बीजेपी का पूरा ध्यान प्रचार पर है। करोड़ों रुपए विज्ञापनों पर खर्च किए जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सत्ता हासिल करने के बाद बिजली के दाम आम जनता की पहुंच में रखे हैं, पिछले 5 सालों से बिजली के दाम नहीं बढ़े। पानी मुफ्त दिया जा रहा है, बिना मोटर के दो मंजिल तक मकान में 24 घंटे पानी सप्लाई की जा रही है। कच्ची कॉलोनियों में काम किया गया है, सड़क बनाई गई है, पानी की पाइप डाले गए हैं, सीवर डाले गए हैं। आम जनता को केवल काम चाहिए, भ्रष्टाचार नहीं।

सवाल- जिस विकास की बात आम आदमी पार्टी लगातार कर रही है, बीजेपी उसी विकास के नाम पर चुनाव लड़ती रही है। आपको क्यों लगता है कि आपकी पार्टी का विकास बेहतर है ?

जवाब- आम आदमी पार्टी हमेशा से केवल काम की राजनीति करती है। यही वजह है कि हम लगातार तीसरी बार दिल्ली की सत्ता में आए। बिजली के दाम, महिला सुरक्षा, शिक्षा, अस्पताल बनवाना- स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर करना, यह सभी काम दिल्ली में सत्तारूढ़ केजरीवाल सरकार ने किए। इन्हीं कामों के दम पर कई अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी वोट मांग रही है और दिल्ली में कुछ ही महीनों बाद होने वाले एमसीडी के चुनाव में पार्टी इसी काम के दम पर चुनाव जीतने जा रही है।

यहां तक की कांग्रेस और बीजेपी भी मानती है कि आम आदमी पार्टी एमसीडी के चुनाव दिल्ली में जीत रही है। कुछ महीने पहले हमने केवल 3 महीने के प्रचार पर चंडीगढ़ का चुनाव जीता है, यह साबित करता है कि आम जनता को आम आदमी पार्टी पर भरोसा है।

सवाल- पिछले एक साल में आम आदमी पार्टी की क्या कुछ उपलब्धियां रही और अगले साल में पार्टी क्या कुछ करने जा रही है?

जवाब- पिछले साल आम आदमी पार्टी ने गुजरात के सूरत में चुनाव जीता, चंडीगढ़ में निगम का चुनाव जीता, दिल्ली में घाटे की सरकार को फायदे की सरकार में बदला। पिछले 7 साल में आम आदमी पार्टी की सरकार का बजट 3 गुना हो गया है। पार्टी ने जितना अधिक टैक्स इकट्ठा किया, बिना चोरी के उस टैक्स के पैसे से दिल्ली में विकास के काम किए। दिल्ली सरकार की उपलब्धि है जो कि अब तक दिल्ली में किसी भी सरकार ने नहीं किया बिजली और पानी आम जनता की पहुंच में मुफ्त उपलब्ध कराए गए।

इस साल पार्टी पंजाब में चुनाव जीतने जा रही है। गोवा में अच्छा प्रदर्शन करेगी, उत्तराखंड में पार्टी का परफॉर्मेंस जीत के करीब रहेगा, उत्तर प्रदेश में पार्टी बढ़त बनाएगी। इसके साथ ही पार्टी हिमाचल में विधानसभा का चुनाव लड़ेगी।